मेरी कृतियाँ

Thursday 18 February 2016

अन्तर आह अनंत अति [ लम्बी तेवरी – तेवर शतक ]

अन्तर आह अनंत अति [ लम्बी तेवरी – तेवर शतक ]
+रमेशराज  
...................................................
+बोलें-‘वंदे मातरम्तस्कर, चोर, डकैत
छद्मवेश को धारे प्यारे खल-गद्दार बहुत से हैं। 1
+तुझे पढ़ाने के लिए नारी-तन-भूगोल
मस्तराम के उपन्यास, चैनल-अखबार बहुत से हैं। 2
+अन्तर आह अनंत अति, भरे नैन नित नीर
लगता जैसे तेरे ऊपर होते वार बहुत से हैं। 3
+कल तक गांधीवाद के बाँट रहे जो फूल
थामे हुए हाथ में अपने वे तलवार बहुत से हैं। 4
+राख-राख है जि़न्दगी, चलती केवल साँस
अभी आग के दरिया हमको करने पार बहुत से हैं। 5
+बाबा भीमानंदका देखा तूने रूप
करे कलंकित देश कथित ऐसे अवतार बहुत से हैं। 6
+जाल रोशनी के बिछा तम ने दिये अनेक
मुश्किल है पहचान प्रभासम अब अँधियार बहुत से हैं। 7
+कुछ दानव नेता बने, कुछ मुल्ला, कुछ संत
घूम रहे कुछ खुले साँड-से और फरार बहुत से हैं। 8
+चाबुक-सी चोटें सहें लिये अधर मुस्कान
इस सिस्टम में मैं ही क्या, मुझसम लाचार बहुत से हैं। 9
+तेरे घर तक जायेगा कितना सोच अनाज
घेरे हुए खेत को तेरे साहूकार बहुत से हैं। 11
+दुर्योधन के साथ है अब का कान्हा धुत्त
द्रौपदि-लाजलूटने को बैठे तैयार बहुत से हैं। 12
+है वसंत के नाम पर भारी आह-कराह
कोयल जैसे कूक रहे फिर भी फनकार बहुत से हैं। 13
+दुश्मन से इस दौर में युद्ध नहीं आसान
पकड़ करे जो तेरी, उस पर वो राडार बहुत से हैं। 14
+पल-भर में तुझको करे नेता रीढ़-विहीन
उसके भाषा-जाति-धर्म-सम नव हथियार बहुत से हैं। 15
+बन्धु ! उदारीकरण का देख सियासी खेल
नये करों के साथ अभी बाकी अधिभार बहुत से हैं। 16
+चलना ही तेरी नियति कठिन दुःखों की राह
समतल के आगे हैं पर्वत और पठार बहुत से हैं। 17
+चोरों के सर पर नहीं केवल उसका हाथ
अगर जोड़कर देखोगे तो जुड़ते तार बहुत से हैं। 18
+भ्रम के आगे तू खड़ा अब सच के नजदीक
तेरे मन के भीतर प्यारे अब अंगार बहुत से हैं। 19
+भाषा की जादूगरी गयी सियासत सीख
तू गदगद हो ताली पीटे ऐसे वार बहुत से हैं। 20
+तू धोबी का ज्यों गधा, तू कोल्हू का बैल
तेरे काँधे और पीठ खल लादे भार बहुत से हैं। 21
+कहीं मिलेंगे भेडि़ये, कहीं टीसते शूल
अभी जि़न्दगी के ये जंगल करने पार बहुत से हैं। 22
+लोग करें अब सत्य का तिरस्कार-अपमान
मंच-मंच छल ने चमकीले पहने हार बहुत से हैं। 23
+पाप-पंक इसकी प्रभा, पल-पल धवल प्रकाश
भूल-भुलैया भरे भवन में छल के द्वार बहुत से हैं। 24
+जहाँ प्रलोभन खीर-से सत्ता रही परोस
रोज वहाँ टपकाते देखे हमने लार बहुत से हैं। 25
+कंटक जैसे भी सुमन जग में मिलें अनेक
फूलों जैसे खूशबू वाले मिलते खार बहुत से हैं। 26
+किन गलियारों बीच तू ढूँढे सच्चा प्रेम?
इसको राजनीति कहते हैं, इसके यार बहुत से हैं। 27
+ये रावण है आज का, इसका आदि न अंत
इसके सर या हाथ देख ले अब की बार बहुत से हैं। 28
+‘नाविक-सागर-नावमें बना कुटिल गठजोड़
डूब गये कुछ लोग और आये मँझधार बहुत से हैं। 29
+जिसके माथे पर तिलक, पड़ी गले में माल
मान उसी कंठीधारी के कारोबार बहुत से हैं। 30
+कहीं चरस में दम लगा, पी ले कहीं शराब
भले नर्क जैसे हों लेकिन सुख-संसार बहुत से हैं। 31
+जैसे योगानंदने तारी नारी-देह
ऐसे ही संतों को करने अब उद्धार बहुत-से हैं। 32
+हर नेता अब बन गया केवल दौलतराम
अब मत कहना भगतसिंह’,‘अब्दुल गफ्फारबहुत से हैं। 33
+मंत्री , अफसर, धनिकजन, कथित देश के भक्त
अपने खाते खोल रहे स्विसमें उस पार बहुत से हैं। 34
+भोले जन को लूटना है जिनका है आदर्श
ये सूची लम्बी है इसमें सभ्य शुमार बहुत से हैं। 35
+धर्म, जातियों, कौम से अब आगे है खेल
दंगे-हिंसा-आगजनी के नव आधार बहुत से हैं। 36
+शंखपुष्पि के नाम पर बाँधे काली दूब
बस्ती-बस्ती जमे हुए ऐसे अत्तार बहुत से हैं। 37
+पल-पल पुष्पित-पल्लवित जयचंदोंका वंश
एक मीरजाफरथा पहले, अब गद्दार बहुत से हैं। 38
+संघर्षों की धूप से क्यों इतना भयभीत
इसी राह पर वृक्ष मिलेंगे छायादार बहुत से हैं। 39
+अजब सफाई का हुआ शुरू यहाँ अभियान
महानगर के बीच बढ़े मल के अम्बार बहुत से हैं। 40
+कहीं दिखायी दे नहीं शिव जैसा व्यक्तित्व
डाले हुए गले में मिलते बस हरहार बहुत से हैं। 41
+अमरबेल-सी बढ़ रही भाटों की फहरिश्त
ये क्या कम है इस दुनिया में पानीदार बहुत से हैं। 42
+छिनरे, लुच्चे, सिरफिरे, नंगे, आदमखोर
आज सियासत को ऐसे ही अंगीकार बहुत से हैं। 43
+शोषण, हिंसा, शोक, भय, रेप, भोग, व्यभिचार
अब जन-जन की करुण-कथा के उपसंहार बहुत से हैं। 44
+आये हैं शैतान कुछ कर में लिये गुलेल
इस जंगल में पेड़ बसें मीठे फलदार बहुत से हैं। 45
+जिसने कल लूटा हमें जता-जता अपनत्व
उसको लेकर अपने मन में आज गुबार बहुत से हैं। 46
+रोजी हिन्दी से मगर, हिन्दी से ही बैर
बोल रहे इंग्लिश वे ही फर्राटेदार बहुत से हैं। 47
+ये है पूँजीवाद का बन्धु असल विद्रूप
कुछ खायें तर माल मगर भूखे परिवार बहुत से हैं। 48
+किसी साँप के डंक-सी जिनकी है तासीर
ऐसी संज्ञाओं से होने अब अभिसार बहुत से हैं। 49
+लोकतंत्र में लोक की खिंची, खिंचेगी खाल
अपराधी के हर सत्ता से आज करार बहुत से हैं। 50
+जमाखोर खुश देख ये, नंदित साहूकार
पकी हुई फसलों पर ओले और तुषार बहुत से हैं। 51
+असंतोष भारी मगर कौन करे विद्रोह?
इस सिस्टम के छले हुए घायल-बेज़ार बहुत से हैं। 52
+कौन तोड़ता अब यहाँ दुर्योधन की जाँघ
रहे दूर से भीम सरीखे बस हुंकार बहुत से हैं। 53
+जो नारी-सम्मान की दिन में करते बात
तम में नारी-तन से कपड़े रहे उतार बहुत से हैं। 54
+सिर्फ फाइलों में हुआ रोगी का उपचार
बँटे नहीं जनता में, केवल सड़े अनार बहुत से हैं। 55
+पत्रकार अखबार को ऐसे रहा निकाल
कुछ चोरी के लेख छपें बाकी साभार बहुत से हैं। 56
+उजला-उजला दीखता जो मंत्री इस दौर
उसके अनाचार के किस्से अपरम्पार बहुत से हैं। 57
+तूने ही खल देखकर कहे नहीं अपशब्द
मेरे भी अनुभाव क्रोध में बने कटार बहुत से हैं। 58
+फिर भी कड़वाहट रही, गुड़-सी नहीं मिठास
हमने जग के कटुभावों को दिये निथार बहुत से हैं। 59
+मसलन-‘रहना चाहिए आज पाप पर मौन
तूने तथ्य रखे जितने उनमें निस्सार बहुत से हैं। 60
+बिना बागवाँ के कहीं उजड़े होंगे बाग !
खुद जो माली ने रोंदे ऐसे गुलजार बहुत से हैं। 61
+कौन देखता आजकल अपने मन के ऐब
औरों को पथभ्रष्ट बताने हेतु उदार बहुत से हैं। 62
+भूल निवेदन को कई बस देते आदेश
जीवन को जीते अब जैसे लोट-लकारबहुत से हैं। 63
+खायें चारा, यूरिया, कफन, तोप, सीमेंट
नेताजी के अब ऐसे ही नित आहार बहुत से हैं। 64
+माना जंगल ये नहीं, नगर पुकारा जाय
किन्तु यहाँ पर लोग तेंदुए और सियार बहुत से हैं। 65
+सहज, सरल या सौम्य तू बन्धु उसे मत बोल
अहंकार, मद, लोभ, मोह के उसे बुखार बहुत से हैं। 66
+पैदा करने हैं इसे काम-कला से दाम
निर्लज्जा के ऊपर आने अभी निखार बहुत से हैं। 67
+खरबूजे को देखकर खरबूजे पर रंग
एक नहीं अब झूठी शेखी रहे बघार बहुत से हैं। 68
+बस अरि ही निर्मूल हो और न हो जन-हानि
दुश्मन से लड़ने को यारो अभी प्रकार बहुत से हैं। 69
+जिसमें सघन विरोध है जो लायेगा क्रान्ति
उस विचार के जगह-जगह होने सत्कार बहुत से हैं। 70
+रति स्थायी भाव से बने न बस शृंगार
पुत्री , पुत्र, पिता, माता-सम जग में प्यार बहुत से हैं। 71
+स्तन-नैन-नितम्ब में करे इजाफा रोज़
कामातुर के पास नारि के अब उपचार बहुत से हैं। 72
+जान कबीरा साधु को ये है नटवरलाल
इसकी काली करतूतों के बने शिकार बहुत से हैं। 73
+कोयल को कागा कहें और वका को मोर
रहे अश्रु-बारहमासीको बोल मल्हार बहुत से हैं। 74
+इसका बँटवारा करो अब सबकी है माँग
घर है बीस वर्ग गज का पर हिस्सेदार बहुत से हैं। 75
+जो उपजाऊ भूमि थी, जिस पर सबको नाज
उसी भूमि पर पक्की सड़कें, अब बाजार बहुत से हैं। 76
+आया तेरी आँख में क्यों सूअर का बाल
तेरे ऊपर भइया मेरे भी उपकार बहुत से हैं। 77
+धीरे-धीरे भा रहा तुझे सियासी खेल
जिसमें वेश बदलने वाले सुन अय्यार बहुत से हैं। 78
+हँसने पर आँसू दिखें, रोने पर मुस्कान
सब के मन के भाव आजकल चक्करदार बहुत से हैं। 79
+कहाँ रही वो सादगी, कहाँ रहे वे लोग
पारदर्शिता के सँग मिलते अब दीवार बहुत से हैं। 80
+बाबू खिड़की बंद कर अफसर से बतियाय
यद्यपि बूढ़े लोग लगाये खड़े कतार बहुत से हैं। 81
+दुखिया थाने में गयी क्यों कर आधी रात
जिस थाने में करने वाले पापाचार बहुत से हैं। 82
+ये बापू का देश है, सब बापू के भक्त
बात करेंगे तुझसे लेकिन थप्पड़-मार बहुत से हैं। 83
+थाने में खल देखकर सबके बल हों पस्त
पर निर्बल को बारी-बारी दें फटकार बहुत से हैं। 84
+जहाँ न्याय की आस ले आया होरीराम
कोई गेंडे जैसा लगता, दिखें बिजार बहुत से हैं। 85
+बन्धु खीज कर दे रहा क्यों भाषा को दोष
माना शब्द रहे अनफिट तेरे अनुसार बहुत से हैं। 86
+बार-बार जिनके रही छल-चंगुल से मुक्त
आज उसी औरत को कहते लोग छिनार बहुत से हैं। 87
+यदि चाहे सरकार तो मिटे गरीबी-भूख
गेंहू-चावल जिनमें सड़ते वो भंडार बहुत से हैं। 88
+क्या कहने इस देश के? क्या ऊँचे आदर्श?
भारत बीच निठारी जैसे नर-संहार बहुत से हैं। 89
+फूल गिरे नहिं पत्तियाँ और न सूखे पेड़
ऐसे भी जीवन में आये नित पतझार बहुत से हैं। 90
+नगरवधू बीबी बना जिनने चीरा माल
बने अनैतिकता के बूते अब स्टार बहुत से हैं। 91
+जो लें रुचिका-जैसिका-सम की इज्जत लूट
उनको मिले पदोन्नति भारी औस्टार बहुत से हैं। 92
+सीढ़ी ने लम्बे किये बौने जिनके पाँव
दिल्ली की महरौली जैसे अब मीनार बहुत से हैं। 93
+तू प्यारे यदि अम्ल है, मत घमंड कर और
ऐसे मेरे मंत्र पास हैं जिनमें क्षार बहुत से हैं। 94
+करतब दाने-जाल का तेरा असफल आज
गयीं बुलबुलें अब बचने के सीख प्रकार बहुत से हैं। 95
+ज्यादा दिन टिकना नहीं ये सत्ता का खेल
तेवरियों के बागी तेवर सुन ले यार बहुत से हैं। 96
+मैं स्थायी भावहूँमुझसे कर परहेज?
तूने कूड़ा कह संचारीदिये बुहार बहुत से हैं। 97
+कोई मिलता अब नहीं पावन मन के साथ
नागिन जैसी संज्ञाओं से नित अभिसार बहुत से हैं। 98
+कविता है उसके लिएईंगुर, बिन्दी, माल
उसके गर्म कथाओं जैसे भी व्यापार बहुत से हैं। 99
+अधरों  पर मुस्कान वह रखता सबके साथ
लेकिन उसके पीड़ादायक भी व्यवहार बहुत से हैं। 100
+नैतिकता की पालकी और न पाओ लूट
इसकी रक्षा करने वाले आज कहार बहुत से हैं। 101
+अब तू मंदिर नमन कर औगुरुद्वारे-चर्च
हम आये सँग तेरे मस्जिद पूज मजार बहुत से हैं। 102
+स्वार्थ-सिद्धि के हेतु ये बड़ी मुखौटेबाज
राजनीति के तेरी खातिर लाड़-दुलार बहुत से हैं। 103
+मन में पल-पल भ्रम भरे, बातें लच्छेदार
तेरे यार व्यंजना में संवाद-विचार बहुत से हैं। 104
+सौ तेवर की तेवरी, बनी आग का राग
करने हमें क्रान्ति के सपने अब साकार बहुत से हैं। 105
--------------------------------------------------------------------------

|| रमेशराज की पुस्तक 'अन्तर आह अनंत अति' की लम्बी तेवरी [तेवर-शतक] से ||

No comments:

Post a Comment